प्रभात इंडिया न्यूज़,लौरिया।
नगर पंचायत लौरिया के वार्ड संख्या एक स्थित ढढवा गांव के सरेह में गुरुवार को अचानक लगी आग से दो एकड़ में फैली गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। खेतों से उठते धुएं को देखकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग पर नियंत्रण पाया, जिससे आस-पास की अन्य फसलें बच गईं। आगजनी की इस घटना में किसानों मिश्री यादव, मदन यादव और मैनेजर यादव की खड़ी गन्ने की फसल पूरी तरह झुलस गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि फसल कटाई का समय नजदीक होने के कारण नुकसान और अधिक बढ़ गया है। घटना की जानकारी एचपीसीएल चीनी मिल लौरिया को दे दी गई है ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

