प्रभात इंडिया न्यूज़ /आशीष पांडेय लौरिया 

बिहार के पश्चिम चंपारण अंतर्गत लौरिया प्रखंड की देउरवा पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित बरबीरो गांव के पश्चिम टोला में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नाली के अभाव में वर्षा का पानी घरों के आसपास जमा हो जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बन गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में कीचड़ और गंदगी से हालात बदतर हो जाते हैं। लगभग 50 से 60 परिवार इस समस्या से सीधे तौर पर प्रभावित हैं। जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, रुके हुए पानी से मच्छरों की संख्या में इजाफा हो गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है।

स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि पूर्व में बस्ती के पास एक प्राकृतिक जल निकासी मार्ग ‘पोयीन’ हुआ करता था, जिससे वर्षा का पानी आसानी से बहकर निकल जाता था। लेकिन समय के साथ उस मार्ग पर अतिक्रमण हो जाने से पानी का बहाव बाधित हो गया और अब मामूली बारिश में भी जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान का आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में कोई ठोस पहल नहीं की जाती। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब अतिक्रमण हटाने, पक्की नाली निर्माण कराने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बस्तीवासियों को इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!