प्रभात इंडिया न्यूज़ |आशीष पाण्डेय लौरिया
लौरिया। बुधवार को लौरिया क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। लौरिया–बेतिया और लौरिया–नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया है।
पहली घटना लौरिया–बेतिया मुख्य मार्ग पर पूर्णमासी राम के पेट्रोल पंप के समीप घटी, जहां बेतिया की ओर से आ रही पुलिस लिखी एक कार की सीधी टक्कर लौरिया की ओर जा रही मोटरसाइकिल से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान परदेसी कुमार (22), पिता फागु चौधरी और मुन्ना चौधरी (25), पिता महंत चौधरी के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल पीएचसी लौरिया लाया गया, जहां से डॉ. सूर्य प्रकाश ने प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और मोटरसाइकिल को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना लौरिया–नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर बघलोचना गांव के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 आपात सेवा की मदद से घायलों को पीएचसी लौरिया पहुंचाया गया, जहां से उन्हें भी बेतिया रेफर किया गया। घायलों में प्रभु राम, पिता बलदेव राम, निवासी राजपुर मठिया (थाना शिकारपुर) और अरुण मिश्रा, पिता स्व. विजय मिश्रा, निवासी केहूनिया वार्ड संख्या-9 शामिल हैं।पुलिस दोनों ही घटनाओं के कारणों की जांच में जुटी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
