प्रभात इंडिया न्यूज़ | उमाशंकर प्रसाद
बगहा। उत्तर प्रदेश–बिहार सीमावर्ती क्षेत्र के कुशीनगर जनपद अंतर्गत नगर पंचायत छितौनी के पथलेश्वर नाथ नगर स्थित श्रीमति नलिनी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज प्रांगण में सरस्वती पूजन एवं कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति और शैक्षिक गरिमा से ओतप्रोत रहा।
समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के संस्थापक एवं वाराणसी के प्रसिद्ध पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन कॉलेज की प्रबंधक स्मिता त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती पूजा के साथ-साथ नृत्य, नाटक, लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले विद्वानों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं डीन प्रो. (डॉ.) महेश्वर मिश्र को “अभिनव कणाद सम्मान” से नवाजा गया। वहीं संस्कृत साहित्य के अध्येता, कवि एवं पूर्व अपर जिलाधिकारी डॉ. गायत्री प्रसाद पांडेय को “साहित्य भूषण सम्मान” प्रदान किया गया। दोनों सम्मान संचालिका निधि मिश्रा द्वारा प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त बिहार के बगहा से आए होमियो कैंसर सेवा के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. पदम भानु सिंह को पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में अतिथियों ने कॉलेज प्रबंधक स्मिता त्रिपाठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है।
कॉलेज की प्रधानाचार्या अनुपमा मिश्रा एवं प्रबंधक डॉ. स्मिता त्रिपाठी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों, अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधक स्मिता त्रिपाठी ने कहा कि सरस्वती पूजन एवं स्थापना दिवस जैसे आयोजन संस्था की उपलब्धियों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।कार्यक्रम का समापन शिक्षाविद् डॉ. रविकेश मिश्र के समापन उद्बोधन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मौके पर डॉ. पदम भानु सिंह, प्रो. अरविंद नाथ तिवारी, विनय मिश्र, रमेश मिश्र, दिनेश मिश्र, डॉ. रिचिक त्रिपाठी, अनुपमा मिश्रा, अविनाश मिश्र, नवेंद्रु मिश्र, आशीष मिश्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


