प्रभात इंडिया न्यूज जिला संवाददाता।
एक ही फोटो से लगती रही हाजिरी, पतिलार एचएम संजय कुमार गुप्ता पर शिक्षा विभाग का शिकंजा
16 दिनों तक एक ही तस्वीर से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने का आरोप, डीपीओ ने मांगा जवाब
दूसरे के मोबाइल से हाजिरी लगाने का खुलासा, विभाग में मचा हड़कंप।
बेतिया/बगहा।शिक्षा विभाग के ई-शिक्षा कोष पोर्टल ने सरकारी विद्यालयों में चल रहे ऑनलाइन हाजिरी के खेल की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। ताजा मामले में बगहा-1 प्रखंड के पतिलार स्थित हरिहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एचएम संजय कुमार गुप्ता पर ऑनलाइन उपस्थिति में गंभीर अनियमितता का आरोप लगा है।
एमआईएस शाखा की जांच में खुलासा हुआ है कि फरवरी से अप्रैल माह के बीच अलग-अलग तिथियों में एक ही फोटोग्राफ का इस्तेमाल कर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की गई। जांच रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल माह में करीब 16 दिनों तक एक ही तस्वीर के जरिए उपस्थिति बनाई गई। इतना ही नहीं, दूसरे व्यक्ति के मोबाइल फोन से लॉगिन कर हाजिरी लगाने की बात भी सामने आई है।
मामले को गंभीर मानते हुए समग्र शिक्षा अभियान की डीपीओ गार्गी कुमारी ने संबंधित दिनों को संदिग्ध मानते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यू-डायस पोर्टल पर भ्रामक जानकारी दर्ज करने के आरोप में भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सूत्रों के अनुसार, विभागीय जांच में यह भी सवाल उठा है कि विद्यालय स्तर पर गड़बड़ी की जानकारी होने के बावजूद समय पर इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को क्यों नहीं दी गई। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
डीपीओ कार्यालय से जारी आदेश में संजय कुमार गुप्ता को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा कार्यालय में साक्ष्य सहित उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
ई-शिक्षा कोष पोर्टल के जरिए उजागर हुए इस मामले के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग अब ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था की गहन मॉनिटरिंग कर रहा है, जिससे फर्जी उपस्थिति और लापरवाही पर लगाम लगाने की तैयारी है।
