प्रभात इंडिया न्यूज़, लौरिया

बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के तहत विभागीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी पारुल प्रिया ने सोमवार को लौरिया आंचल स्थित लोक सेवा केंद्र एवं प्रशासनिक सुधार भवन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारी ने केंद्र की सेवाओं, व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की गहन जांच करते हुए सभी बिंदुओं का मूल्यांकन किया।

निरीक्षण में स्टेशनरी, स्वच्छता, कर्मचारियों की बैठने की व्यवस्था तथा कार्यस्थल की स्थिति मानकों के अनुरूप पाई गई। आगंतुक पंजी, प्रतीक्षालय प्रबंधन, सेवा वितरण प्रणाली और नागरिक सुविधाओं की भी बारीकी से जांच की गई। तकनीकी संसाधन—सीसीटीवी, कंप्यूटर, स्कैनर, प्रिंटर एवं इंटरनेट—पूरी तरह कार्यशील पाए गए। केंद्र पर तैनात कर्मियों का व्यवहार तथा सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया संतोषजनक आंकी गई।

पारुल प्रिया ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी और बिना किसी अनावश्यक देरी के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और नागरिकों को बेहतर अनुभव देने पर विशेष बल दिया। पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक सुधार मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है, जिसके लिए सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान शिकायत निवारण व्यवस्था, हेल्पलाइन फीडबैक और लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। पदाधिकारी ने कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण, समयसीमा पालन और सेवा मानकों का अक्षरश: अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी नितेश कुमार सेठ, प्रधान सहायक बृजेश कुमार, नजीर अजीत शर्मा, सहायक अरविंद कुमार, रंजीत कुमार साहनी, विपिन कुमार, ऋषिकेश कुमार, विवेक पांडे, गुड्डी कुमारी, उमेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *