(प्रभात इंडिया न्यूज़/डेस्क बिहार पिंटू कुमार रौनियार)
चौतरवा।बगहा पुलिस जिला अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत राज लगुनहा, चौतरवा के अहिरवलिया गांव में शनिवार की देर रात उस समय अफरा तफरी मच गई।जब एक व्यक्ति के बाउंड्री परिसर में संदिग्ध अवस्था में बम मिलने की सूचना सामने आई।बम की खबर फैलते ही गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही चौतरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। इसके बाद बम निरोधक प्रक्रिया के तहत पूरी सतर्कता के साथ बम को निष्क्रिय कराया गया।पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके साथ डीएसपी कुमार देवेंद्र,प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष अंकित कुमार एवं एसआई राहुल कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।वरीय अधिकारियों ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान रूपेश राव एवं नीरज राव के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बम कहां से लाया गया और इसे रखने के पीछे क्या मंशा थी।प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश अथवा आपराधिक साजिश से जुड़ा हो सकता है।आरोपियों से पूछताछ जारी है।और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।घटना के बाद गांव में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
