प्रभात इंडिया न्यूज़ / शशि कुमार, संपादक
बगहा। बथवारिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार खेल मैदान परिसर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने एक विशाल चुनावी सभा का आयोजन किया। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जनता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मंत्र पर देश को नई दिशा दी है। एक चाय बेचने वाला आज देश का प्रधानमंत्री है, यह लोकतंत्र की सबसे बड़ी जीत है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नेहरू से लेकर राहुल गांधी तक, कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा देती रही है।
केंद्रीय कोयला एवं खन्न राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 22 घंटे बिजली, किसानों को सालाना ₹6000, मुफ्त राशन, हर घर शौचालय और पक्के मकान जैसी योजनाएँ सफलतापूर्वक चल रही हैं। उन्होंने विपक्ष को “मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाने वाला” करार दिया।
प्रदेश के पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि नीतीश सरकार ने हर उपभोक्ता को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का फैसला लिया है। जीविका दीदियों को ₹10,000 की आर्थिक सहायता और स्वरोजगार के लिए ₹2 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे बैंक खातों में पहुँच रहा है।
सभा में भाजपा प्रत्याशी राम सिंह, पूर्व मंत्री राजेश सिंह अचिंत्य कुमार लल्ला, पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, दीपू शाही, अरविंद दुबे, सुदामा खरवार, शिपू चौबे समेत कई नेताओं ने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन आशुतोष मालवीय ने किया।सभा स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता की मौजूदगी ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
