नौशाद अहमद, प्रभात इंडिया न्यूज़, लौरिया।
नगर पंचायत लौरिया में बुधवार को गमगीन माहौल तब छा गया, जब उपमुख्य पार्षद किशोरी देवी की बहू, पैक्स अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह की माता तथा भाजपा नेता लड्डू सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती रुबी देवी के निधन की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से उनका देहांत हो गया। उनके अचानक चले जाने से राजनीतिक एवं सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
इलाज के दौरान अंतिम सांस लेने के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मरहिया लाया गया, जहां परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए और उन्हें विदाई दी। गांव का वातावरण देर शाम तक शोकाकुल बना रहा।
शोक व्यक्त करने वालों में मुख्य पार्षद श्रीमती सीता देवी, ईओ दिनेश पुरी, पूर्व मुखिया संजय कुमार, वार्ड पार्षद पप्पू मिश्रा, बद्री यादव, लाल बाबू राम सहित नगर पंचायत लौरिया के सभी वार्ड पार्षद, कर्मी व स्थानीय लोग शामिल रहे। सभी ने परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की और इस कठिन घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। श्रीमती रुबी देवी के असामयिक निधन से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम लोगों ने गहरा दुख जताया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
